सुल्तानपुर। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में लगभग 39 वर्षों तक वरिष्ठ सहायक के पद पर अपनी सेवाएं देने के बाद सूर्यभानु पांडेय सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, मित्रों तथा शुभचिंतकों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई।
इस अवसर पर सहकर्मियों ने सूर्यभानु पांडेय के सरल, सहज एवं सहयोगात्मक व्यवहार के साथ-साथ उनकी ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ एवं समर्पित कार्यशैली को याद किया। उन्होंने कहा कि बैंक में अपने लंबे सेवाकाल के दौरान सूर्यभानु पांडेय ने अपने कार्यों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया और सहकर्मियों के बीच हमेशा एक सहयोगी एवं आत्मीय व्यक्तित्व के रूप में पहचान बनाई।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर सूर्यभानु पांडेय ने बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय स्टेट बैंक में बिताए 39 वर्ष उनके जीवन के अत्यंत महत्वपूर्ण एवं यादगार वर्ष रहे हैं। इस दौरान उन्हें अपने सहकर्मियों से मिले सहयोग और स्नेह को वे सदैव याद रखेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने सूर्यभानु पांडेय को उनके सुखद, स्वस्थ एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा परिवार के साथ आनंदमय एवं सुखमय जीवन की कामना की।
