सुल्तानपुर। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सुल्तानपुर पुलिस ने विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई। पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की।
अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के कुल 320 चालान किए गए। वहीं एक वाहन सीज किया गया और 6 लाख 38 हजार 300 रुपये के शमन शुल्क की कार्रवाई की गई। इसके अलावा इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से 110 चालान किए गए।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित वाहन चलाएं और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। पुलिस के मुताबिक सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
