बलिया। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण में हो रही देरी पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। बुधवार को कार्यालय कक्ष में हुई समीक्षा बैठक में सामने आया कि जिले के छह महाविद्यालयों में 31 टैबलेट और 12 महाविद्यालयों में 24 स्मार्टफोन का वितरण अभी शेष है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को गुरुवार तक सभी लंबित उपकरणों का वितरण पूरा कर बकाया संख्या शून्य करने का अल्टीमेटम दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की योजना का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को समय से डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना है। इसलिए वितरण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित टैबलेट और स्मार्टफोन का वितरण हर हाल में निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए।
डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वितरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभिलेखों को अद्यतन रखा जाए, ताकि योजना की प्रगति स्पष्ट रूप से सामने आ सके। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह बाद पुनः वितरण कार्य की समीक्षा की जाएगी। अगली समीक्षा से पहले सभी अवशेष उपकरणों का वितरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बैठक में सीआरओ गुलशन जी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
