बलिया। दोनों पैरों से दिव्यांग 13 वर्षीय अनमोल राजभर के लिए बुधवार का दिन उम्मीद और सहारे की नई शुरुआत लेकर आया। जिलाधिकारी के निर्देश पर परियोजना निदेशक कल्पना मिश्रा विकासखंड बांसडीह के ग्राम पंचायत पिठाईच पहुंचीं और कक्षा चार में पढ़ने वाले अनमोल की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अनमोल को अपने हाथों से ट्राईसाइकिल प्रदान की। ट्राईसाइकिल मिलते ही अनमोल और उसके परिजनों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
परियोजना निदेशक ने अनमोल की माता पूनम राजभर से उसकी दिव्यांगता और उपचार के संबंध में जानकारी ली। पूनम ने बताया कि अनमोल बचपन से ही दिव्यांग है। उसके उपचार और ऑपरेशन के लिए एक बार वाराणसी ले जाकर चिकित्सकों को दिखाया गया था, लेकिन ऑपरेशन सफल नहीं हो सका।
परिवार की स्थिति की जानकारी लेने के दौरान पूनम राजभर ने घर में शौचालय नहीं होने की समस्या भी बताई। इस पर परियोजना निदेशक ने तत्काल आधार कार्ड उपलब्ध कराने को कहा और संबंधित सचिव को शौचालय के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर जल्द सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अधिकारियों को पूनम राजभर को स्वयं सहायता समूह से जोड़ने के निर्देश भी दिए, ताकि परिवार को आजीविका से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
कल्पना मिश्रा ने अनमोल को ट्राईसाइकिल देते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के लिए सरकार की ओर से संचालित सभी पात्र सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अनमोल को आशीर्वाद भी दिया।
