पीलीभीतः संजय सिंह गंगवार ने रमा गार्डन में मेले का किया उद्घाटन इनर व्हील के मेले में गूंजा विश्वविद्यालय का मुद्दा, राज्यमंत्री ने रखी बड़ी पहल की बात! बोले -2027 में भाजपा सरकार बनी तो विश्वविद्यालय स्थापना का 100 प्रतिशत होगा निर्माण
September 24, 2026
पीलीभीत। आज शहर के रमा गार्डन में इनर व्हील क्लब पीलीभीत की ओर से आयोजित मेले का उद्घाटन राज्य मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें संजय सिंह गंगवार ने किया। मेले में करवा चैथ और दीपावली से जुड़ी सामग्री के साथ साड़ी, सलवार-सूट, घरेलू उपयोग के सामान तथा बच्चों के खिलौनों समेत विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। शहर की बड़ी संख्या में महिलाएं मेले में पहुंचीं और खरीदारी के साथ महिला सदस्यों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने अपने उद्बोधन में पीलीभीत में विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर बड़ा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2027 में भाजपा की सरकार बनती है तो जिले में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए 100 प्रतिशत प्रयास किया जाएगा। उन्होंने इनर व्हील क्लब की सदस्यों से कहा कि संगठन की ओर से यदि विश्वविद्यालय के लिए जमीन खरीदी जाती है तो वह अपने स्तर से भवन निर्माण कराने की पहल करेंगे। उन्होंने क्लब की अध्यक्ष डॉ. अनुरीता सक्सेना से विशेष रूप से कहा कि जमीन की व्यवस्था क्लब कर दे, भवन निर्माण कराने की जिम्मेदारी उनकी ओर से ली जाएगी। राज्यमंत्री ने कहा कि पीलीभीत में विश्वविद्यालय के लिए जमीन उपलब्ध कराना इनर व्हील क्लब की ओर से जिले के लिए सबसे बड़ा योगदान साबित होगा। उन्होंने महिला संगठन की सामाजिक सक्रियता की भी सराहना की। मेले में करवा चैथ की खरीदारी के लिए सजावटी एवं उपयोगी सामग्री के साथ दीपावली से संबंधित सामान भी उपलब्ध रहा। महिलाओं के परिधान और अन्य उत्पादों के स्टॉलों पर लोगों की भीड़ रही, जबकि बच्चों के खिलौनों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने। आयोजन के माध्यम से क्लब की सदस्याओं को अपने उत्पाद और हुनर लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिला। कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब 311 की डीईसीओ डॉ. नीतू मिश्रा, क्लब अध्यक्ष डॉ. अनुरीता सक्सेना, सचिव महिमा अग्रवाल, मेला अध्यक्ष रोजी दीक्षित एवं शालिनी अग्रवाल, मेला सलाहकार सुमन गुप्ता, इंदु अग्रवाल और प्रिंसी अग्रवाल के साथ पूनम अग्रवाल, चारु अग्रवाल, नीना मल्होत्रा, शालिनी गुप्ता, नीता मोदी, मंजू बक्शी, रोशी अग्रवाल, पदमा चंद्र, तलविंदर तलवार सहित क्लब की अनेक सदस्याएं मौजूद रहीं। शहर की गणमान्य महिलाओं ने भी मेले में पहुंचकर आयोजन में सहभागिता की।
