प्रतापगढ़। जिले में मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना ने बुधवार को बताया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से 17 सितम्बर 2026 को जनपद में ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें। उन्होने जनप्रतिनिधियों, आमजनमानस, लाभार्थियों से अपील करते हुये कहा कि सायं 7 बजे अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित अवश्य करें। उन्होने बताया है कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवार सहित आम नागरिक अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर कार्यक्रम में सहभागिता अवश्य करें। इसके साथ ही प्रमुख विकास कार्यों, अवस्थापना परियोजनाओं, सरकारी भवनों एवं आवासों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
जनपद के 10 प्रमुख स्थलों पर विशेष रूप से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इनमें माँ बेल्हा देवी धाम, डा0 सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज, अजगरा तालाब, चिलबिला रेलवे स्टेशन, माँ बाराही देवी धाम, कम्पनी गार्डेन, खुयलन धाम, मानिकपुर माँ गंगा घाट, बाबा घुइसरनाथ धाम तथा रामगंज नगर पंचायत कार्यालय शामिल हैं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाते हुए अपनी फोटोध्वीडियो रु आशीर्वाद का दीया हैशटैग के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करें। ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से जनपदवासी प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही विकसित भारत-2047 के निर्माण में अपनी सहभागिता और सामूहिक संकल्प को भी प्रदर्शित करेंगे।
