सुल्तानपुर। लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र के भदैया ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर-जद्दूपुर के ग्रामीणों ने जद्दूपुर स्कूल से बैजूपुर नहर पुल तक जाने वाली जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग तेज कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2007-08 में बनी इस सड़क की आज तक मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
यह मुख्य मार्ग जद्दूपुर स्कूल से ठाकुर राम का पुरवा, परसुपुर, करनपुर होते हुए बैजूपुर नहर पुल तक जाता है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, टूटी सतह और बरसात में कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क ब्लॉक कार्यालय, तहसील, थाना, पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों को जोड़ती है, इसलिए इसकी सार्वजनिक उपयोगिता काफी अधिक है।
ग्रामसभा रामपुर निवासी सूरज प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले दो वर्षों से सड़क के पुनर्निर्माण के लिए जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, प्रांतीय निर्माण खंड सहित संबंधित विभागों को कई बार ज्ञापन और पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों ने भी इस समस्या की अनदेखी की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे विधानसभा चुनाव 2027 और लोकसभा चुनाव 2029 में मतदान का बहिष्कार करने को विवश होंगे। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
