Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुल्तानपुरः पारा-मुसाफिरखाना मार्ग बदहाल, गड्ढों में तब्दील हुई सड़क! बारिश में जलभराव से बढ़ी परेशानी, राहगीरों को हादसे का डर


बल्दीराय/सुल्तानपुर। पारा-मुसाफिरखाना संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के साथ बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाता है। ऐसे में वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह जलमग्न दिखाई देती है। पानी के नीचे गड्ढे छिप जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गड्ढों के कारण आए दिन वाहन असंतुलित होने और राहगीरों के गिरने की घटनाएं होती रहती हैं।

मार्ग की खराब स्थिति का असर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है। कई जगह वाहनों को गड्ढों से बचाकर निकालना पड़ता है, जिससे जाम जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की आवश्यकता महसूस की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। लोगों ने संबंधित विभाग से मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत, जलनिकासी की व्यवस्था और सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के मौसम में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हुए सड़क की बदहाली दूर कराने की पहल करता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |