पीलीभीत। बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम नकटिया में श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था और उल्लास से सराबोर इस यात्रा में 101 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर सहभागिता की। कन्याओं ने काटना नदी-पिपरिया भजा से जल भरकर विधि-विधान के साथ कलश यात्रा में भाग लिया। यात्रा के दौरान पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए।कलश यात्रा में 128 विधानसभा बरखेड़ा के संभावित प्रत्याशी रामसनेही वर्मा के छोटे भाई एवं पूर्व 128 विधानसभा बरखेड़ा अध्यक्ष भगवानदास वर्मा भी शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की और धार्मिक आयोजन के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर ग्रामवासियों ने धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गांव के लोगों का कहना था कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। आयोजन में रमेश वर्मा, उमेश वर्मा, कालीचरण वर्मा, पूर्व प्रधान रामपाल वर्मा, राम प्रकाश वर्मा, शिवेंद्र, कल्पना, पायल, बबली, आरती समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे। इस अवसर पर रामसनेही वर्मा, अध्यक्ष अखिल भारतीय प्रधान संघ एवं समाजवादी पार्टी ने भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति समाज को प्रेम, सेवा, भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं। ऐसे आयोजनों में सभी वर्गों की सहभागिता सामाजिक सौहार्द को और मजबूत करती है।
