सोनभद्र, 10 अगस्त। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वन विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीएसएनएल टावर स्थापना, विद्यालयों के विद्युतीकरण, जल जीवन मिशन की विद्युत लाइनों तथा वन अधिकार पट्टों से जुड़े मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि वन विभाग से संबंधित आपत्तियों के कारण जनपद में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग संबंधी स्वीकृतियां लंबित होने से जोराकाहू, कोटा तथा म्योरपुर ब्लॉक के बिच्छी गांव में प्रस्तावित तीन मोबाइल टावरों की स्थापना प्रभावित हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दूरसंचार सेवाओं का विस्तार हो सके।
विद्यालयों के विद्युतीकरण के संबंध में विद्युत विभाग ने वन विभाग की आपत्तियों के कारण विद्युत पोल एवं लाइन विस्तार में आ रही बाधाओं से अवगत कराया। डीएम ने विद्यालयों तक विद्युत आपूर्ति पहुंचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 11 केवी विद्युत लाइन बिछाने एवं तार खींचने में आ रही वन विभाग संबंधी बाधाओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने वन एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
