ओबरा (सोनभद्र), 10 अगस्त। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ओबरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 27.10 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 2.75 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में थाना ओबरा पुलिस ने कार्रवाई की। रविवार शाम करीब 6:45 बजे रविदास नगर वार्ड नंबर-1, बिल्ली क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 27.10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान रितेश जायसवाल (23 वर्ष) पुत्र सुरेश जायसवाल निवासी रविदास नगर वार्ड नंबर-1, बिल्ली, थाना ओबरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, काले रंग की चिमटी तथा 1300 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में थाना ओबरा में मुकदमा संख्या 175/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल संतोष पटेल, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और कांस्टेबल राहुल श्रीवास शामिल रहे।
पुलिस ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
