सोनभद्र। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित तीन अभियुक्तों पर 20-20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। यह कार्रवाई थाना चोपन में दर्ज मु0अ0सं0-420/2025 धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई है।
पुलिस के अनुसार वांछित अभियुक्तों में प्रयागराज निवासी आकाश शुक्ला, मध्य प्रदेश के सीधी जनपद निवासी धीरेन्द्र तिवारी उर्फ राजेश तिवारी तथा प्रयागराज निवासी आयुष पाण्डेय उर्फ नितिन शामिल हैं। तीनों अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अलावा थाना चोपन में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में भी कार्रवाई चल रही है। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए 20-20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है।
सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन वांछित अभियुक्तों के संबंध में कोई विश्वसनीय सूचना प्राप्त हो तो वह तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा सोनभद्र पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
