Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: राष्ट्रगान के कथित अपमान पर कांग्रेस का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

सोनभद्र। राष्ट्रगान के कथित अपमान को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली रॉबर्ट्सगंज के माध्यम से पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायती पत्र सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के समय विधानसभा अध्यक्ष के मंच से नीचे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना को गंभीर बताते हुए कांग्रेस ने संबंधित सीसीटीवी एवं वीडियो फुटेज की जांच कर सत्यता सामने लाने की मांग की है।
जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने कहा कि राष्ट्रगान देश के सम्मान, गौरव और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक है। यदि वायरल वीडियो में दर्शाई गई घटना सही पाई जाती है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रगान की मर्यादा से जुड़े मामलों में किसी भी व्यक्ति के पद या प्रतिष्ठा के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |