अमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम पोषण योजना के अंतर्गत बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन आज जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर (डीपीआरसी) गौरीगंज में किया गया। इस अवसर पर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जनपद स्तर पर सजीव प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम में विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चैहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू सहित बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, रसोइयां एवं बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना और प्रदेश सरकार द्वारा रसोइयों के कल्याण हेतु की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं की सराहना की। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के प्रसारण के उपरांत विधायक गौरीगंज एवं जिलाधिकारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने जनपद की 12 रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड, बढ़े हुए मानदेय की राशि का चेक तथा साड़ी वितरित कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयों में कार्यरत रसोइयां बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके योगदान को सम्मान देने और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदम सराहनीय हैं। जिलाधिकारी संजय चैहान ने अपने संबोधन में कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत रसोइयां विद्यालय व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के हित में लिए गए निर्णय उनके प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। जिलाधिकारी ने सभी रसोइयों को बधाई देते हुए कहा कि जनपद प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों का मानदेय 2000 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह किया गया है।
विधायक गौरीगंज व जिलाधिकारी ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड व 3 हजार बढ़े मानदेय की राशि का प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर दी बधाई
