दसवां स्थल, यज्ञशाला, साप्ताहिक बाजार और सीएचसी सहित सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल संकटय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार
बीसलपुर। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हैंडपंप और पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, लेकिन दियोरिया कला में करीब एक दर्जन इंडिया मार्का हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े होने के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम दियोरिया कला में गांव के उत्तर दिशा में जंगल की ओर जाने वाले रास्ते के समीप सार्वजनिक दसवां स्थल है। हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद दसवां संस्कार इसी स्थान पर किया जाता है। दसवां संस्कार के बाद परिवार की महिलाओं के स्नान आदि की परंपरा भी इसी स्थान से जुड़ी हुई है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल के पास लगा इंडिया मार्का हैंडपंप कई महीनों से खराब पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार दसवां संस्कार के दौरान यहां लोगों की आवाजाही रहती है। हैंडपंप खराब होने के कारण पानी की व्यवस्था के लिए खेतों में लगे पंपसेट या अन्य अस्थायी साधनों का सहारा लेना पड़ता है। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। इसके अलावा गांव की यज्ञशाला, साप्ताहिक बाजार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहित कई सार्वजनिक स्थानों पर लगे हैंडपंप भी खराब बताए जा रहे हैं। इसके चलते राहगीरों, बाजार आने वाले लोगों और पूजा-पाठ के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी पेयजल के लिए घरों से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक कराने के लिए कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे ग्रामीणों में विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए सभी खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंपों की जांच कराकर उन्हें शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि सार्वजनिक स्थलों पर आने वाले लोगों को पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े।
