Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बीसलपुरः भाजपा छोड़ सपा के साथ नजर आए डॉ. रत्नेश गंगवार, अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद बढ़ी सियासी हलचल! बीसलपुर विधानसभा की राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी रणनीति पर हुई चर्चा, समर्थकों में उत्साह


बीसलपुर। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीसलपुर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच भाजपा से अलग होकर समाजवादी पार्टी के साथ नजर आए डॉ. रत्नेश गंगवार ने लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के कैंप कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद क्षेत्र की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

मुलाकात के दौरान बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होने की बात सामने आई है। डॉ. रत्नेश गंगवार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष क्षेत्र की स्थानीय परिस्थितियों और जनता से जुड़े विभिन्न विषयों को भी रखा। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। अखिलेश यादव के साथ डॉ. रत्नेश गंगवार की तस्वीर सामने आने के बाद उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला और सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर डॉ. रत्नेश गंगवार काफी समय से सपा के संपर्क में थे। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद उनके समाजवादी पार्टी के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र में सपा की आगामी गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन डॉ. रत्नेश गंगवार का नाम संभावित दावेदारों में चर्चा में आने लगा है। अब राजनीतिक नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र से किस चेहरे पर भरोसा जताती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |