Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः तिरंगे के रंग में रंगा पीलीभीत, गांधी स्टेडियम से निकली भव्य ‘हर घर तिरंगा’ रैली! डीएम ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी सुकीर्ति माधव ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर किया नेतृत्व, देशभक्ति के नारों से गूंज उठा शहर


पीलीभीत। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच शनिवार को पीलीभीत देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गांधी स्टेडियम से निकली विशाल तिरंगा रैली ने शहर में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण उत्साह से भर गया।

रैली का शुभारंभ गांधी स्टेडियम में ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर रैली की अगुवाई की। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी इंतजार खान सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

रैली में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस बल ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। वीरांगना अवंतीबाई, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, लिटिल एंजिल्स, चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और हाफिज रहमत खां इंटर कॉलेज समेत अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुए। गांधी स्टेडियम से शुरू हुई रैली गौहनिया चैराहा होते हुए ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज पहुंची। मार्गभर विद्यार्थियों और प्रतिभागियों के देशभक्ति से ओतप्रोत नारों ने माहौल को राष्ट्रभक्ति की भावना से भर दिया।

ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ को केवल एक सरकारी कार्यक्रम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह ऐसा अभियान है, जो नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने भावनात्मक जुड़ाव और जिम्मेदारी का एहसास कराता है।उन्होंने जिले के नागरिकों, व्यापारियों, चिकित्सकों, शिक्षकों और विभिन्न वर्गों के लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, इसलिए इसके प्रति सम्मान और गौरव की भावना प्रत्येक नागरिक के मन में होनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने रैली में शामिल विद्यार्थियों, युवाओं और सभी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का तिरंगा लेकर आगे बढ़ना पीलीभीत की मजबूत राष्ट्रभक्ति को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे देश की सुरक्षा, विकास और सम्मान के लिए सदैव जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पण केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रहकर हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बनना चाहिए।भव्य तिरंगा रैली ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शहरवासियों में उत्साह का संचार करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |