लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, अनुशासित और मरीज-अनुकूल बनाने के लिए अस्पताल प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। अस्पताल के प्रमुख निदेशक एवं प्रमुख अध्यक्ष ने देर रात अचानक अस्पताल के विभिन्न वार्डों और विभागों का सघन औचक निरीक्षण किया।
रात करीब 1 बजे शुरू हुए इस औचक निरीक्षण के दौरान प्रमुख निदेशक ने अस्पताल की हर व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इमरजेंसी, आईसीयू , न्यू प्राइवेट वार्ड, सुपर स्पेशलिटी और वार्ड संख्या 7, 8 व 11 का सघन अवलोकन किया गया। वेंटिलेटर, मॉनिटर और जीवनरक्षक उपकरणों की स्थिति भी परखी गई। भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और रात्रि कालीन सेवाओं का फीडबैक लिया गया। अस्पताल में रात्रि निरीक्षण की यह एक नई परंपरा शुरू हुई है, जहाँ कभी रात 1रू00 बजे तो कभी तड़के 4रू00 बजे तक अधिकारी खुद पहुँचकर व्यवस्थाएं देख रहे हैं। इससे रात्रि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहे हैं। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तुरंत दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को सुधार के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल प्रशासन के इस कदम से स्वास्थ्य कर्मियों में अनुशासन बढ़ा है और मरीजों में समय पर बेहतर इलाज मिलने का विश्वास और मजबूत हुआ है।
