लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े और लगभग 156 वर्षों के गौरवशाली इतिहास वाले बलरामपुर चिकित्सालय को नया पूर्णकालिक चिकित्सा अधीक्षक मिल गया है। गत 2 फरवरी से कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव को शासन द्वारा औपचारिक रूप से पूर्णकालिक पद का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
इस अवसर पर डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन में भारी उत्साह देखने को मिला। एसोसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता एवं लखनऊ जिलाध्यक्ष राजीव कुमार ने संघ और समस्त स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से डॉ. श्रीवास्तव का फूल-मालाओं और अभिनंदन के साथ स्वागत किया।
राजीव कुमार ने बताया कि कार्यवाहक कार्यकाल के दौरान ही डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने अपनी कार्यकुशलता, संवेदनशीलता और कुशल नेतृत्व से अस्पताल की व्यवस्थाओं को नई दिशा दी थी।150 से अधिक वर्षों की समृद्ध विरासत वाले इस ऐतिहासिक अस्पताल का नेतृत्व मिलना अत्यंत गर्व की बात है। संघ को पूरा विश्वास है कि उनके स्थायी नेतृत्व में बलरामपुर चिकित्सालय सेवा और चिकित्सा के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। इस खास मौके पर राजीव कुमार और संघ के सदस्यों ने डॉ. प्रवीण की मेहनत, योग्यता और निष्ठा को समर्पित कुछ पंक्तियाँ प्रस्तुत कर उन्हें नए उत्तरदायित्व के लिए शुभकामनाएँ दीं।
