लम्भुआ/कोतवाली में थाना दिवस के दौरान किसान नेता के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत संगठन ने क्षेत्राधिकारी लम्भुआ को शिकायती पत्र देकर लम्भुआ थाना प्रभारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जिला प्रवक्ता धर्मराज त्यागी द्वारा 23 अगस्त 2026 को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, 22 अगस्त को लम्भुआ में थाना दिवस पर तहसील अध्यक्ष अरविन्द कुमार किसानों की समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र देने लम्भुआ कोतवाली गए थे। आरोप है कि थाना प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार प्रार्थना पत्र देखते ही आग बबूला हो गए और गुस्से में तहसील अध्यक्ष से बोले - ष्टोपी बिल्ला लगा के चले आते हो, हम किसी किसान संगठन को नहीं जानते। अगर दोबारा थाने पर दिखाई दिए तो हाथ-पैर तोड़कर इतना मुकदमा लाद दूंगा कि पूरा जीवन सुधर नहीं पाओगे।
पत्र में बताया गया है कि तहसील अध्यक्ष अरविन्द कुमार एक पैर से दिव्यांग होते हुए भी किसान व सामाजिक कार्यों में निरंतर लगे रहते हैं। थानाध्यक्ष द्वारा पहले भी किसान पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता रहा है, जिससे पूरे संगठन में आक्रोश है।
भाकियू टिकैत ने चेतावनी दी है कि यदि थानाध्यक्ष लम्भुआ के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई तो संगठन किसान महापंचायत लगाने को बाध्य होगा, जिसकी सारी जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी लम्भुआ की होगी। शिकायती पत्र सौंपने के समय प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश पाण्डेय,प्रदेश सचिव आनन्द प्रताप सिंह एवं किसान संगठन के धर्मेंद्र यादव, अख्तर, धर्मराज त्यागी,सत्य प्रकाश चैबे, बृजेश कुमार, राकेश कुमार, राजेश सिंह,दरगाही वर्मा, लुदुर अली,आदि मौजूद रहे।
