पीलीभीत। थाना गजरौला क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब चोरों ने खेत में सिंचाई के लिए रखा पानी का इंजन ही पार कर दिया। बेबी सिंह कॉलोनी में हुई इस घटना से ग्रामीणों में खलबली मच गई है। खेतों पर रखे कृषि उपकरणों की सुरक्षा को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।बेबी सिंह कॉलोनी निवासी निर्मल पोद्दार ने थाना गजरौला पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने खेत में सिंचाई के लिए पानी वाला इंजन लगा रखा था। 22 अगस्त की रात करीब 10 बजे तक इंजन खेत में मौजूद था। इसके बाद किसी समय अज्ञात चोर खेत पर पहुंचे और सिंचाई के लिए लगा इंजन चोरी कर ले गए।
पीड़ित के मुताबिक इंजन करीब एक वर्ष पुराना था। सुबह जब वह खेत पर पहुंचे तो इंजन अपने स्थान से गायब मिला। आसपास काफी तलाश की गई और संभावित स्थानों पर भी जानकारी की गई, लेकिन चोरी हुए इंजन का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने और चोरी गया इंजन बरामद कराने की मांग की।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी रोष और चिंता है। किसानों का कहना है कि खेतों में सिंचाई के इंजन, मोटर, पाइप और अन्य कृषि उपकरण अक्सर खुले स्थान पर रखने पड़ते हैं। ऐसे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसान खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और खेतों को निशाना बनाने वाले चोरों पर शिकंजा कसने की मांग की है।वहीं थाना गजरौला अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। उन्होंने जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने की बात कही है।
