अमेठीः आरक्षण नहीं मिला तो भाजपा को वोट नहीं- मुकेश सहनी
August 10, 2026
अमेठी। विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने सोमवार को अमेठी में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। भारी भीड़ के चलते सभागार छोटा पड़ गया और कई कार्यकर्ताओं ने बारिश के बीच बाहर रहकर सम्मेलन में हिस्सा लिया। कार्यक्रम से पहले सहनी ने वीरांगना फूलन देवी की जयंती पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सहनी ने कहा कि निषाद समाज को संवैधानिक अधिकार और एससी आरक्षण दिलाने के लिए प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने और गंगाजल हाथ में लेकर संकल्प दिलाने का आह्वान किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण नहीं मिला तो भाजपा को वोट नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा और संगठन पर जोर देना होगा। सहनी ने कहा, “एक रोटी कम खाइए, लेकिन बच्चों को जरूर पढ़ाइए।” उन्होंने बारिश में डटे कार्यकर्ताओं को संघर्ष और संकल्प की ताकत बताया।
