अमेठीः राम भरोसे पशु चिकित्सालय, डॉक्टर रहे गैरहाजिर
August 10, 2026
अमेठी। भेटुआ ब्लॉक स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय एवं कृत्रिम गर्भाधान केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सक के नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहने के कारण पशुपालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि अस्पताल का कामकाज एक सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के भरोसे चल रहा है। पशुपालक अपनी बीमार पशुओं को लेकर अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन चिकित्सक के नहीं मिलने पर उन्हें कथित तौर पर सेवानिवृत्त कर्मचारी से ही उपचार कराना पड़ता है। इससे पशुपालकों में नाराजगी है और विभागीय व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, भेटुआ पशु चिकित्सालय में तैनात चिकित्सक डॉ. गीता वर्मा के नियमित रूप से अस्पताल नहीं आने की शिकायत है। आरोप यह भी है कि कई बार उनके स्थान पर उनके पति, जो नंदमहर में कार्यरत बताए जाते हैं, अस्पताल आते हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि एक चिकित्सक को करीब पांच स्थानों की जिम्मेदारी दी गई है। किसी एक स्थान पर प्रतिदिन उपस्थिति का दिन निर्धारित नहीं है, इसलिए चिकित्सक आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग केंद्रों पर जाती हैं। पशुपालकों ने मांग की है कि अस्पताल में चिकित्सक की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें पशुओं के इलाज के लिए भटकना न पड़े।
