शुकुलबाजार/अमेठी। ग्राम पंचायत धनेशा राजपूत के धनेशा गांव में ग्रामीणों की सुविधा के लिए वर्ष 2024-25 में ग्राम प्रधान द्वारा बनवाई गई पुलिया एक ही बरसात में टूट गई। पुलिया टूटने से सैकड़ों ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार धनेशा गांव में राधेश्याम विश्वकर्मा के घर की ओर से जाने वाले खड़ंजा मार्ग पर यह पुलिया बनी है। इसी रास्ते से सैकड़ों लोग अपने खेतों तक आते-जाते हैं। पुलिया टूट जाने से किसानों और ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण में ग्राम प्रधान द्वारा घटिया सामग्री का प्रयोग कराया गया था, जिसके चलते पुलिया पहली ही बरसात में क्षतिग्रस्त होकर टूट गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में मानकों का पालन किया गया होता तो इतनी जल्दी पुलिया नहीं टूटती। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर जांच कराकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा पुलिया का मजबूत तरीके से पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
धनेशा राजपूत में वर्ष 2024-25 में कराया गया था निर्माण, सैकड़ों लोगों का खेतों तक पहुंचने का मुख्य रास्ता
