प्रतापगढ़/बाबागंज। सरकारी जमीन पर दबंगई के दम पर मिट्टी डालकर करीब एक साल से ग्रामीणों का रास्ता रोककर बैठे अतिक्रमणकारी पर आखिरकार प्रशासन का डंडा चला। समाधान दिवस से लेकर जनसुनवाई पोर्टल तक लगातार शिकायतों के बावजूद लंबे समय तक कार्रवाई का इंतजार कर रहे ग्रामीणों को शनिवार को राहत मिली। तहसील प्रशासन ने पुलिस और राजस्व टीम की मौजूदगी में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटवाकर आम रास्ते को बहाल करा दिया।
कुंडा तहसील के महेशगंज थाना क्षेत्र के धमोहन गांव में भूमि गाटा संख्या 630 मि. ऊसर खाते की सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। इसी भूमि से गांव के कई ग्रामीण वर्षों से आवागमन करते हैं। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने दबंगई दिखाते हुए सरकारी भूमि पर मिट्टी डालकर रास्ता बाधित कर दिया था। इससे हरिपाल, वंशीलाल, विकास समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया था।
रास्ता बंद होने से परेशान ग्रामीणों ने मामले को लेकर कई बार समाधान दिवस और जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की। लगातार शिकायतों के बाद आखिरकार तहसील प्रशासन हरकत में आया।
शनिवार को समाधान दिवस समाप्त होने के बाद राजस्व एवं पुलिस टीम गांव पहुंची। राजस्व निरीक्षक बाबागंज तीर्थराज पांडेय और लेखपाल कंचन समेत पुलिस टीम की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर डाली गई मिट्टी हटवाकर रास्ते को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी मिट्टी हटाने में सहयोग किया और लंबे समय से बंद पड़े आम रास्ते को पुनः आवागमन के लिए खोल दिया गया।
राजस्व टीम ने अतिक्रमणकर्ता को दोबारा सरकारी भूमि पर कब्जा या रास्ता बाधित करने की कोशिश करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। प्रशासन की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
