Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः आत्मनिर्भरता से रोजगार के साथ बढ़ता है सामाजिक सम्मान-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव शांभवी


प्रतापगढ़। आत्मनिर्भरता की दिशा में शुरू किया गया रोजगार न केवल आर्थिक मजबूती प्रदान करता है, बल्कि समाज में सम्मान और आत्मविश्वास में भी वृद्धि करता है। यदि किसी भी रोजगार को शुरू करने से पूर्व उसका विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त किया जाए तो सफलता की संभावनाएं और अधिक बढ़ जाती हैं। यह उद्गार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शांभवी ने बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान, गोड़े में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के मध्य व्यक्त किए। उन्होंने संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे ब्यूटी पार्लर एवं बकरी पालन के प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से व्यक्ति अपने कार्य को अधिक कुशलता और सहजता के साथ कर सकता है। उन्होंने कहा कि शासन एवं न्याय विभाग की मंशा है कि समाज का कोई भी व्यक्ति अशिक्षा, गरीबी अथवा संकोच के कारण अपने कानूनी अधिकारों से वंचित न रहे। सचिव शांभवी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानूनी समस्या होने पर इधर-उधर के लोगों से अधूरी जानकारी लेकर भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है। ऐसी स्थिति में वह सीधे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय से संपर्क कर सकता है अथवा पैनल लीगल वालंटियर्स की सहायता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को उचित कानूनी मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराना विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है।

इस अवसर पर एलडीएम नीरज सिंह ने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों का भी दायित्व है कि उन्हें दी गई महत्वपूर्ण विधिक जानकारी को वे अपने परिवार एवं परिचितों तक पहुंचाएं। इससे विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन के हित में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकेगी। जिला प्रोबेशन कार्यालय से संबद्ध जिला समन्वयक मिशन शक्ति जया यादव एवं वंदना शुक्ला ने भी कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं एवं आमजन के अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिशिर खरे ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद लोगों को न केवल न्यायिक एवं कानूनी सहयोग प्रदान किया जाता है, बल्कि विभिन्न प्रकार के विवादों में समझौते एवं वैकल्पिक समाधान के माध्यम से मामलों के शीघ्र निस्तारण का भी प्रयास किया जाता है। धन्यवाद ज्ञापन निदेशक रवि रंजन द्वारा किया गया। इस अवसर पर सचिव द्वारा परिसर में आंवले का एक पौधा भी रोपित किया गया। कार्यक्रम में पैनल लीगल वालंटियर शिवम मिश्रा, राजपाल, सुनील मिश्रा, सुभा पांडे, पूजा कुमारी, डॉ. सतीश सहित संस्थान के प्रशिक्षणार्थी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |