बीसलपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शादी होने के बाद ससुराल पक्ष द्वारा विदाई के लिए पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मांगने का मामला सामने आया है। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को विदा कराने से इनकार करने का आरोप लगाते हुए पिता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव पैंतबोझी निवासी वीरेंद्र प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी किरन देवी का विवाह सात जुलाई 2026 को मंडी समिति पीलीभीत में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में बरेली जिले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के डड़िया सफदर अली निवासी प्रमोद कुमार पुत्र तुलाराम के साथ हुआ था। पीड़ित पिता का आरोप है कि विवाह के दौरान उन्होंने घरेलू सामान सहित बाइक के लिए नकद धनराशि भी दी थी। 15 जुलाई को पहली विदाई के लिए ससुराल पक्ष के लोग पहुंचे और प्रमोद के लिए दुकान खुलवाने के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग कर दी। इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताने पर ससुराल पक्ष बिना विदाई कराए वापस लौट गया।
आरोप है कि 10 अगस्त को भी बिना पांच लाख रुपये दिए विवाहिता को विदा कराने से साफ इनकार कर दिया गया। इसके बाद पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
