बीसलपुर। सहकारी गन्ना विकास समिति के संचालक मंडल की बैठक में बरखेड़ा स्थित बजाज चीनी मिल पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा जोर-शोर से उठा। करीब 68 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित होने की बात सामने आने पर संचालकों ने नाराजगी जताई और मिल प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। बैठक में बकाया भुगतान को लेकर शासन को रिपोर्ट भेजने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बुधवार को गन्ना समिति सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता समिति सभापति राजेश सिंह ने की। उन्होंने संचालक मंडल के सदस्यों को बताया कि पिछले पेराई सत्र का किसानों का लगभग 68 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान बरखेड़ा बजाज चीनी मिल पर बकाया है। भुगतान के संबंध में समिति की ओर से मिल प्रबंधन को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई न होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुद्दा उठते ही संचालकों ने मिल प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई। काफी चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने के लिए पूरे मामले की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। बैठक में समिति के खर्चों सहित अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई और करीब आधा दर्जन प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक का संचालन समिति सचिव राजेश कुमार ने किया। इस दौरान उपसभापति शीला देवी, अमित राज यादव, कुमार प्रांजल, भगवान स्वरूप, विमला देवी सहित समिति के सभी निदेशक मौजूद रहे।
