बल्दीराय/ सुलतानपुर।’ विकासखंड बल्दीराय क्षेत्र के ग्राम उसूरा प्राइमरी स्थित विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल में आज तक बाउंड्रीवाल नहीं बन पाई है और परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह बदहाल है।
बाउंड्रीवाल न होने के कारण विद्यालय परिसर पूरी तरह खुला पड़ा है। बाहरी लोगों और आवारा जानवरों का आना-जाना लगा रहता है। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में गहरी चिंता बनी हुई है। छुट्टी के समय बच्चों के इधर-उधर चले जाने का डर भी बना रहता है।
विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई न होने के कारण चारों तरफ कचरा और गंदगी फैली हुई है। कक्षाओं और शौचालय के आसपास भी स्वच्छता का अभाव है। ऐसे माहौल में बच्चों को पढ़ाई के लिए स्वच्छ वातावरण नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को पढ़ाई के लिए सुरक्षित और स्वच्छ माहौल देना सरकार और विभाग की जिम्मेदारी है। बाउंड्रीवाल न होने से स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कराकर शीघ्र बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाए और सफाई कर्मी की तैनाती कर नियमित सफाई व्यवस्था लागू की जाए।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का कब तक संज्ञान लेते हैं और बच्चों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं।
