बल्दीराय/सुलतानपुर। विकासखंड बल्दीराय क्षेत्र की ग्राम पंचायत नरसरा में बने एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र तक पहुंचने वाली सड़क की बदहाली ने स्वच्छता अभियान की हकीकत सामने ला दी है। केंद्र तक जाने वाला रास्ता कच्चा है और उस पर खड़ंजा तक नहीं डाला गया है। ऊपर से बगल में जलभराव और गंदगी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
ग्राम नरसरा स्थित कूड़ा प्रबंधन केंद्र तक पहुंचने वाली सड़क पूरी तरह कच्ची है। बरसात में कीचड़ और गड्ढों के कारण वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। केंद्र से जुड़े कर्मचारी और कचरा ले जाने वाले वाहनों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क के बगल में पानी जमा हुआ है। आसपास साफ-सफाई का भी अभाव है। जलभराव और कचरे के कारण मच्छर और दुर्गंध की समस्या बढ़ गई है। ग्रामीणों को आशंका है कि बरसात में स्थिति और खराब हो जाएगी।
कूड़ा प्रबंधन केंद्र का उद्देश्य गांव से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना है। लेकिन जब केंद्र तक पहुंचने का रास्ता ही बदहाल हो तो केंद्र का प्रभावी संचालन कैसे होगा, यह सवाल ग्रामीण उठा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि केंद्र तक जाने वाली सड़क पर जल्द खड़ंजा या पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए। साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था और नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कब ध्यान देकर सड़क और जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त कराते हैं।
