प्रतापगढ़/बाबागंज। बीते दो रातों में चोरों ने आधा दर्जन स्थानों को निशाना बनाकर खाकी के इकबाल को खत्म कर दिया है। लगातार हो रही चोरियों के बाद भी स्थानीय पुलिस महज हांथ पर हाँथ धरे बैठी हुई है। पुलिस की निष्क्रियता और उदासीनता के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं और बीते दो रातों में वे प्रत्येक रात घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुलेआम चुनौती दें रहें हैं लेकिन चोरों के आगे पुलिस एकदम बेवश और निरीह बनी हुई है।
महेशगंज थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरियों की बाढ़ आ गई है। करीब एक सप्ताह पहले फतूहाबाद में चोरों ने कैलाश कुमार गुप्ता के घर में घुसकर लाखो का सामान एवं हजारों की नगदी को पार कर दिया था। जिसमें पुलिस ने मुकदमा तो दबाव के बाद दर्ज कर लिया लेकिन खुलासा नही कर पाई। इसी बीच पींग गांव में भी सेंध मारकर चोरों ने नगदी और सामान पार कर दिया। पुलिस इन दोनों चोरियों के आस-पास भी नही पहुँची थी कि सोमवार की रात को चोरों ने धमोहन गांव के प्राथमिक विद्यालय प्रथम और द्वितीय से गैस सिलेंडर को चुरा लिया। उसी रात को चोरों ने कल्याणपुर मजरे ऐंधा के प्राथमिक विद्यालय में चोरी करने का प्रयास किया लेकिन ताला न टूटने के कारण वहां पर वे चोरी करने में सफल नही हो सके। सोमवार की रात की घटना तक पुलिस पहुँच पाती या कुछ समझ पाती कि उसके बाद दूसरी रात यानी मंगलवार की रात को चोरों ने गोपालापुर गांव के रहने वाले रामबाबू सुत मंगल प्रसाद तथा मदन सुत राम औतार के घर के बाहर लगे टुल्लू को चुरा लिया तथा ऐंधा (बदली का पुरवा) गांव के रहने वाले उमेश यादव का ई रिक्शा को चोर उसके घर से चुरा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। उमेश यादव ने जब अपने ई रिक्शा की खोजबीन की तो उसका ई रिक्शा कुंडा कोतवाली के ताजपुर गांव के पास सगरा के नजदीक पलटा हुआ मिला लेकिन चोर ई रिक्शा की बैट्री को खोलकर उठा ले गए थे। इलाके में लगातार हो रही चोरियों ने आमजन मानस की नींद हराम कर रखा है और चोरों के डर से ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हो गए हैं। लगातार हो रही चोरियों का खुलासा करने में स्थानीय पुलिस एकदम नाकाम हो गई है और पुलिस द्वारा खुलासा न करने से लोगो का स्थानीय पुलिस से भरोसा उठता जा रहा है।
