पीलीभीत। प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ स्थित जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं अपना वोटर आईडी अथवा आधार कार्ड दिखाकर रोडवेज की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा का लाभ ले सकेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण पीलीभीत के गांधी प्रेक्षागृह में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम को देखा और सुना। जनपद स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार रहे।
राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की माताओं और बहनों को बड़ी सौगात दी है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना से प्रदेश की करीब 88 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से बुजुर्ग माताएं अब यात्रा खर्च की चिंता किए बिना तीर्थस्थलों की यात्रा करने के साथ ही अपने परिजनों से मिलने के लिए भी आसानी से आवागमन कर सकेंगी।
उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को एक सहयात्री सहित परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। यह सुविधा 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
राज्यमंत्री ने महिलाओं से अपील की कि रक्षाबंधन के अवसर पर यात्रा के दौरान पुलिस के सिपाही, अधिकारी, बस चालक और परिचालक सहित जो भी सुरक्षा एवं परिवहन व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हों, उन्हें भी रक्षा सूत्र बांधकर पर्व की खुशियों में शामिल करें।
कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने उपस्थित महिलाओं को एक-एक साड़ी और मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द, पूरनपुर विधायक प्रतिनिधि ऋतुराज पासवान, ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रांशु पाठक, उपायुक्त स्वतः रोजगार वंदना सिंह, डीसी मनरेगा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
