प्रतापगढ़। भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता का आयोजन प्रतापगढ़ जनपद में उत्साह एवं उमंग के वातावरण में संपन्न हुआ। देश के विभिन्न शहरों में एक साथ आयोजित इस ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ जनपद के 30 विद्यालयों के लगभग 1900 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के लिए जनपद में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को भारत के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं, महापुरुषों, कला, साहित्य, विज्ञान, भूगोल, संविधान, राष्ट्रीय उपलब्धियों तथा समसामयिक विषयों से संबंधित विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से अपने ज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारत की गौरवशाली विरासत, सांस्कृतिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय चेतना के प्रति रुचि और जागरूकता उत्पन्न करना है।
प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए प्रांतीय संयोजक (भारत को जानो) उदय भानु सिंह तथा प्रतापगढ़ स्तर पर संस्कार गतिविधि संयोजक शिशिर खरे ने बताया कि ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता भारत विकास परिषद की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय गतिविधियों में से एक है। यह प्रतियोगिता देशभर में विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, इतिहास और राष्ट्र के विविध आयामों को जानने एवं समझने के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए जनपद के विभिन्न विद्यालयों से कुल 2296 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से लगभग 1900 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की। विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जनपद में 14 केंद्र निर्धारित किए गए थे।
आयोजकों ने बताया कि जनपद स्तर पर प्रत्येक सहभागी विद्यालय से कनिष्ठ वर्ग के दो तथा वरिष्ठ वर्ग के दो सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को आगामी चरण में पुनः क्विज प्रतियोगिता में सहभागिता करनी होगी।
इस क्विज प्रतियोगिता के परिणाम के आधार पर कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग से दो-दो सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। ये चयनित विद्यार्थी आगे प्रांतीय स्तर की ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में भारत विकास परिषद् विशाल शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। विद्यालयों के शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं राष्ट्रबोध से जुड़ी प्रतियोगिताओं को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।
भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि आज के तकनीकी युग में विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें भारत की सभ्यता, संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रीय गौरव से परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है। ‘भारत को जानो’ जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में जिज्ञासा, अध्ययन की प्रवृत्ति, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
पूरी प्रतियोगिता के सफल संचालन में भारत विकास परिषद विशाल शाखा के प्रांतीय उपाध्यक्ष गोविन्द खण्डेलवाल, शाखा अध्यक्ष प्रो.पीयूष कांत शर्मा सहित चन्द्र शेखर मिश्रा, डी पी चतुर्वेदी, अरविंद सिंह, अश्वनी केसरवानी, शरद केसरवानी, राजेश सिंह, डॉ. सुधांशु उपाध्याय, संजय खरे, नारायण खंडेलवाल, नितेश खंडेलवाल, मंजीत सिंह गोविन्द, श्रीनारायण शुक्ला, विजय जायसवाल का विशेष सहयोग उल्लेखनीय रहा।
प्रतापगढ़ में इस वस्तुनिष्ठ प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, केंद्र व्यवस्थापकों, परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों की सुविधा, अनुशासन एवं परीक्षा की पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया।
भारत विकास परिषद की विशाल शाखा के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह व्यापक सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी अपने देश के इतिहास, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को जानने के लिए निरंतर उत्सुक है।
