लखनऊ/अमेठी। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, उत्तर प्रदेश शाखा लखनऊ की वार्षिक सामान्य बैठक सोमवार, 31 अगस्त 2026 को राजभवन लखनऊ में महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
अमेठी जिले की ओर से रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव धीरेन्द्र सिंह एवं कार्यकारिणी सदस्य गौरव सिंह ने बैठक में सहभागिता की। बैठक के दौरान राज्यपाल ने रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को समाजसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों को और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
महामहिम राज्यपाल ने विशेष रूप से टीबी मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराने, झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों को शिक्षा से जोड़कर स्कूल भेजने, प्रत्येक जिले में कम से कम 1000 पौधे लगाने, रक्तदान शिविर आयोजित कराने तथा रेड क्रॉस सोसाइटी की सदस्य संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।
इसके साथ ही स्कूलों एवं फैक्ट्रियों में प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण अधिक से अधिक लोगों को देने के निर्देश दिए गए, ताकि आपात स्थिति में लोग तत्काल सहायता उपलब्ध करा सकें।
बैठक में रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश सभापति एवं उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश महासचिव रामानंद कटियार, प्रदेश उपसभापति अमरनाथ मिश्रा, कोषाध्यक्ष अरुण सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित घोष सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में समाजसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में रेड क्रॉस की भूमिका को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
