भारत vs इंग्लैंड! संजू सैमसन समेत 3 खिलाड़ियों पर लटकी तलवार
July 02, 2026
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए. कप्तान श्रेयस अय्यर और अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक जड़े, जबकि शिवम दुबे ने 21 गेंदों पर नाबाद 42 रन की तेज पारी खेली. हालांकि मैच का नतीजा नहीं निकल सका, लेकिन कुछ भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन अब भी चिंता का विषय बना हुआ है. इनमें संजू सैमसन, ईशान किशन और उप-कप्तान तिलक वर्मा शामिल हैं.
संजू सैमसन का बल्ला यूके दौरे पर अब तक खामोश रहा है. आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी वह बड़ी पारी नहीं खेल सके थे. वहीं इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी वह जल्दी आउट हो गए. लगातार खराब प्रदर्शन के चलते उनकी जगह पर सवाल उठने लगे हैं. ऐसे में अगर अगले मुकाबलों में भी वह रन नहीं बना सके तो टीम मैनेजमेंट बदलाव पर विचार कर सकता है.
आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज बने ईशान किशन के लिए यूके दौरा अब तक निराशाजनक रहा है. आयरलैंड के खिलाफ वह सिर्फ 1 और 12 रन बना सके थे, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में बिना खाता खोले आउट हो गए. सबसे बड़ी चिंता यह रही कि पिछली तीन पारियों में वह दो बार रन आउट हुए हैं. अगर अगले मुकाबलों में भी उनका प्रदर्शन नहीं सुधरा तो उनकी जगह भी खतरे में पड़ सकती है.
भारतीय टीम के उप-कप्तान तिलक वर्मा ने यूके दौरे पर रन जरूर बनाए हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट सवालों के घेरे में है. नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने पिछली तीन पारियों में 19 (21), 55 (46) और 13 (13) रन बनाए हैं. इस क्रम पर बल्लेबाज से तेज रन बनाने की उम्मीद रहती है, लेकिन तिलक अब तक उस भूमिका में पूरी तरह सफल नहीं हो पाए हैं.
ईशान किशन और तिलक वर्मा को इस सीरीज में अभी और मौके मिलने की संभावना है. हालांकि अगर उनका प्रदर्शन लगातार खराब रहा तो टीम मैनेजमेंट बदलाव कर सकता है. वहीं संजू सैमसन के लिए खतरे की घंटी सबसे ज्यादा बजती दिखाई दे रही है. उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं. दूसरी ओर, अगर तिलक वर्मा की जगह बदलाव की जरूरत पड़ी तो टीम मैनेजमेंट रिंकू सिंह या हार्दिक पंड्या जैसे विकल्पों पर भी विचार कर सकता है.
