इंग्लिश मीडिया में छाए वैभव सूर्यवंशी, पूर्व खिलाड़ियों ने भी की जमकर तारीफ
July 02, 2026
भारत के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर इंग्लैंड में भी जबरदस्त चर्चा हो रही है. आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में डेब्यू का मौका नहीं मिलने के बावजूद इंग्लिश मीडिया और पूर्व क्रिकेटर लगातार उनकी तारीफ कर रहे हैं. अगर वैभव इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में डेब्यू करते हैं तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे.
इंग्लैंड में वैभव सूर्यवंशी को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित हो रही हैं. पूर्व कप्तान नासिर हुसैन से लेकर ब्रॉडकास्टर्स तक हर कोई इस युवा बल्लेबाज की चर्चा कर रहा है. टॉक स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान होस्ट ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी आ रहे हैं. 15 साल का यह अद्भुत खिलाड़ी. हम सभी उन्हें खेलते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं. वह सचमुच कुदरत का एक करिश्मा हैं. इतनी कम उम्र में वह कमाल के खिलाड़ी हैं.'
टॉकस्पोर्ट क्रिकेट शो में इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज मार्क बुचर ने भी वैभव की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनकी उम्र को लेकर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन ही हर सवाल का जवाब देता है. उन्होंने कहा, 'यह सचमुच हैरान करने वाला है. इससे भी ज्यादा हैरानी की बात यह है कि कुछ लोग उनके प्रदर्शन को कम करके आंकने की कोशिश कर रहे हैं. वह सिर्फ 15 साल के हैं. दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग में, जहां महान खिलाड़ी खेलते हैं, इस बच्चे ने ऐसा कारनामा किया है जो पहले किसी ने नहीं किया. उन्होंने क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ा और पूरे टूर्नामेंट में उनका स्ट्राइक रेट 225 रहा. ये आंकड़े अविश्वसनीय हैं.'
BBC ने भी वैभव सूर्यवंशी पर एक विशेष रिपोर्ट प्रकाशित की, जिसकी हेडलाइन थी, 'कार्टून और वो हाथ 15 साल के सूर्यवंशी को क्या खास बनाता है?' रिपोर्ट में उनकी बल्लेबाजी के साथ-साथ उनकी सादगी, कम उम्र और आत्मविश्वास का भी जिक्र किया गया.
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने आईपीएल के दौरान वैभव से हुई अपनी मुलाकात का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, 'मुंबई में मेरी उनसे मुलाकात हुई थी. सच कहूं तो मैं खुद एक फैन जैसा महसूस कर रहा था. मैंने उनसे पूछा कि मैच की तैयारी कैसे करते हो. उन्होंने जवाब दिया कि कार्टून देखकर. फिर मैंने पूछा कि क्या खाते हो. उन्होंने मुस्कुराकर कहा कि मैं सब कुछ खाता हूं.'
