Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: रामगढ़ रोड रेलवे ओवरब्रिज के पास आवागमन की समस्या के समाधान को जिला प्रशासन की पहल।

राबर्ट्सगंज, सोनभद्र। रामगढ़ रोड स्थित निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के समीप आमजन और वाहनों के आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावी कदम उठाया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक निर्णय लिए।
तहसीलदार सदर अमित सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुनते हुए निर्माण एजेंसी के साथ विस्तृत चर्चा की गई और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
निरीक्षण के दौरान तय किया गया कि रेलवे स्टेशन के मुख्य मार्ग से जोड़ते हुए 100 मीटर लंबा एवं 5 मीटर चौड़ा वैकल्पिक लिंक मार्ग तैयार कराया जाएगा। निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बताया कि लिंक मार्ग का निर्माण कार्य आगामी गुरुवार तक पूरा कर लिया जाएगा।
इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि जब तक वैकल्पिक लिंक मार्ग तैयार नहीं हो जाता, तब तक रेलवे ओवरब्रिज के पूर्वी हिस्से में कोई निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा, जिससे लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान मार्ग पर केवल हल्के वाहनों, यानी दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के आवागमन की अनुमति रहेगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आमजन से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। प्रशासन का मानना है कि लिंक मार्ग तैयार होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से हो रही आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा निर्माण कार्यों के दौरान आमजन की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |