सोनभद्र। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विजयगढ़ दुर्ग एवं रामसरोवर का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने रामसरोवर से कांवड़ मार्ग पर लगभग 5 किलोमीटर तक लाइटिंग व्यवस्था कराने, विजयगढ़ दुर्ग की सीढ़ियों व प्रवेश द्वार की मरम्मत तथा पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं एसपी ने कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी, रात्रि गश्त और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने कहा कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शासन की मंशा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। निरीक्षण के दौरान एडीएम (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ल सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
