सोनभद्र। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये की नगदी सहित घटना से संबंधित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना शक्तिनगर में दर्ज मुकदमा संख्या 85/2026 से संबंधित चोरी की घटना की विवेचना के दौरान 25 जुलाई को दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार (21 वर्ष) तथा पिंटू उर्फ ननकी (23 वर्ष), निवासी एमजीआर बस्ती, शक्तिनगर के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से ₹7.20 लाख नकद, चोरी के पैसों से खरीदी गई यामाहा मोटरसाइकिल, पासबुक, पैन कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
