फ्लाईओवर से झरने की तरह गिर रहा बारिश का पानी, सदर विधायक भूपेश चौबे ने प्रमुख सचिव को लिखा पत्रसोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर के फ्लाईओवर से बारिश का पानी सीधे सर्विस लेन पर गिरने की समस्या को लेकर सदर विधायक भूपेश चौबे ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस संबंध में प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया तथा कार्यदायी संस्था यूपी स्टेट ब्रिज कॉर्पोरेशन (UPSA) के अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए हैं।
विधायक ने कहा कि बरसात के दौरान फ्लाईओवर के कई स्थानों से वर्षा जल झरने की तरह नीचे गिरता है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों, दुकानदारों और ग्राहकों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों द्वारा इस समस्या की लगातार शिकायतें की जा रही हैं।
भूपेश चौबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द पाइपलाइन लगाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों और व्यापारियों की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विधायक ने अधिकारियों को फ्लाईओवर के सभी जल निकासी बिंदुओं का निरीक्षण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि लगभग तीन किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर में कई स्थानों पर पानी निकासी के लिए होल बनाए गए हैं, लेकिन वहां पाइप नहीं लगाए गए हैं। इसी वजह से हर वर्ष बरसात में पानी सीधे नीचे गिरता है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
उन्होंने मांग की कि फ्लाईओवर से निकलने वाला वर्षा जल सीधे सर्विस लेन पर न गिरे, इसके लिए तत्काल पाइपलाइन लगाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि बरसात के मौसम में आमजन को राहत मिल सके।
