अल्ट्राटेक के सीएसआर फंड से स्थापित होगी आधुनिक निगरानी प्रणाली, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को मिलेगी मजबूती
सोनभद्र। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए अल्ट्राटेक के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से आधुनिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों, दुर्घटना बहुल स्थानों, प्रमुख चौराहों तथा अपराध संभावित क्षेत्रों में कैमरे लगाए जाएंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार यह व्यवस्था किसी विशेष आयोजन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि पूरे वर्ष निरंतर संचालित रहेगी। कैमरों के माध्यम से कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक सुरक्षा, यातायात संचालन तथा प्रमुख गतिविधियों की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। इससे अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में पुलिस एवं प्रशासन को बड़ी सहायता मिलेगी।
अपराधियों की पहचान में मिलेगी मदद
नई निगरानी प्रणाली के माध्यम से चोरी, लूट, तोड़फोड़ एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। साथ ही अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी की प्रक्रिया भी अधिक तेज और सटीक होगी। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, जाम की स्थिति पर नियंत्रण तथा सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी यह तकनीक उपयोगी साबित होगी।
वर्षभर रहेगी निगरानी
प्रशासन का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त होने वाले फुटेज का उपयोग सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए भी किया जाएगा। इससे जनपद में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने किया जनसहभागिता का आह्वान
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों एवं संस्थानों से अपील की है कि वे भी अपने घरों, दुकानों, कार्यालयों और अन्य महत्वपूर्ण परिसरों में स्वेच्छा से सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराधों की रोकथाम के साथ अपराधियों की पहचान में भी आसानी होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि “सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अपराधमुक्त जनपद के निर्माण में प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।”
