शीशटोला जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी भी मौके से दबोच लिया गया।
सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र में आठ दिन पूर्व सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का सोनभद्र पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार तड़के शीशटोला जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी भी मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा नकदी बरामद की है। मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार 18 जुलाई को बभनी थाना क्षेत्र के चपकी गांव निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) के साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर वापस लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे शीशटोला जंगल में बाइक सवार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली और चाकू से हमला कर सोने-चांदी के आभूषणों तथा लगभग 40 हजार रुपये नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद बभनी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। बभनी और म्योरपुर पुलिस की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। शुक्रवार तड़के मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शीशटोला जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 3:27 बजे रघुनाथनगर की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद दोनों झाड़ियों की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रमेश साकेत के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मनोज साकेत को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा एवं खोखा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा 12,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में रमेश साकेत ने स्वीकार किया कि उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उसने बताया कि घटना से पहले रेकी की गई थी और लूट की रकम आरोपियों के बीच बांट ली गई थी। पुलिस को फरार आरोपियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल रमेश साकेत पर मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में हत्या और लूट जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। फिलहाल उसका उपचार कराया जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि गिरोह के शेष दो आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
