गौरीगंज: पूर्व सांसद फूलन देवी की 25वीं पुण्यतिथि पर सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
July 25, 2026
गौरीगंज/अमेठी। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय गौरीगंज में शनिवार को पूर्व सांसद एवं सामाजिक न्याय की प्रखर आवाज रहीं स्वर्गीय फूलन देवी की 25वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके संघर्षमय जीवन, सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण तथा वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए कार्यों को याद किया।गोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि जालौन के एक छोटे से गांव के गरीब परिवार में जन्मी फूलन देवी ने बचपन से ही सामाजिक भेदभाव, अत्याचार और उत्पीड़न का सामना किया। जीवन की विषम परिस्थितियों ने उन्हें संघर्ष का रास्ता चुनने के लिए मजबूर किया, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने कहा कि चंबल की बीहड़ों से लेकर देश की संसद तक का उनका सफर साहस, आत्मसम्मान और संघर्ष की मिसाल है। उन्होंने समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद किया।राम उदित यादव ने कहा कि फूलन देवी का जीवन आज भी उन लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है जो अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेनी चाहिए।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अशोक कुमार यादव, चंद्रशेखर यादव, ओम प्रकाश यादव, शेषनारायण यादव, सुदर्शन यादव, दीपू तिवारी, मुकेश विश्वकर्मा, अनिल यादव और अरविंद यादव सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन फूलन देवी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए किया गया, इसकी जानकारी राजेश मिश्र प्रवक्ता समाजवादी पार्टी ने दी।
