रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। खण्ड शिक्षा अधिकारी रॉबर्ट्सगंज महेंद्र मौर्य की अध्यक्षता में शुक्रवार को क्षेत्र के समस्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पोर्टलों एवं विद्यालयों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान, अपार आईडी, यू-डाइस कोड, आरटीई, छात्र नामांकन, यातायात व्यवस्था एवं अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों को समयबद्ध ढंग से सभी विभागीय कार्य पूर्ण करने तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक के दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्यों द्वारा विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। खण्ड शिक्षा अधिकारी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष समस्याओं के निस्तारण के लिए कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ब्लॉक एमआईएस प्रभारी आनंद सिंह ने प्रोजेक्टर के माध्यम से यू-डाइस से संबंधित तकनीकी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी तथा डाटा फीडिंग एवं सत्यापन प्रक्रिया को सरल ढंग से समझाया। वहीं ब्लॉक क्वालिटी कोऑर्डिनेटर वरुण कुमार त्रिपाठी ने निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिकार अधिनियम सहित विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
खण्ड शिक्षा अधिकारी महेंद्र मौर्य ने सभी विद्यालयों को आपसी समन्वय एवं सहयोग की भावना के साथ विद्यालय संचालन करने तथा विद्यार्थियों के हित में बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित प्रधानाचार्यों ने इस प्रकार की बैठकें समय-समय पर आयोजित किए जाने का सुझाव दिया, जिस पर खण्ड शिक्षा अधिकारी ने सकारात्मक विचार करते हुए आगामी बैठकों में उपयोगी सुझावों को लागू करने की बात कही।
बैठक में सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल, एमवीएम विद्यालय, ग्लेनहिल स्कूल, डीपीएस, श्री एकेडमी, गुरुकुल एकेडमी, डीएबी, सनबीम स्कूल सहित क्षेत्र के सैकड़ों विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
