लखनऊः निगोहां क्षेत्र में सांप ने बालिका को काटा,मौत, परिजनों में मचा कोहराम
July 26, 2026
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट के निगोहां थाना क्षेत्र के ग्राम भैरमपुर में जहरीले सांप ने बालिका को काट लिया। जिससे 15 वर्षीय मनिषा सोनी पुत्री स्व. सुनील कुमार की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों के अनुसार, यह घटना 26 जुलाई की रात करीब 12रू30 बजे हुई जब बालिका घर में सो रही थी। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसके बाएं कान पर काट लिया, घटना की जानकारी होते ही परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए मोहनलालगंज स्थित संजीवनी हॉस्पिटल ले गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रात करीब 2 बजे उसे भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। निगोहां थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण सर्पदंश प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
