रामपुर। कांग्रेस नेता सैयद सलमान मुजद्ददी ने सोमवार देर शाम इंदिरा भवन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नव-नियुक्त प्रभारी श्री राजेंद्र पाल गौतम से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान सलमान मुजद्ददी ने कहा कि श्री राजेंद्र पाल गौतम उत्तर प्रदेश की जनता के मुद्दों के प्रति गंभीर हैं। विशेष रूप से दलितों, वंचितों, पिछड़ों और मुसलमानों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ वह हमेशा बेबाकी से अपनी आवाज उठाते रहे हैं।
उन्होंने बताया कि श्री गौतम जल्द ही जौहर विश्वविद्यालय के संरक्षण (तहफ्फुज) के मुद्दे पर आज रामपुर का दौरा करेंगे। इस संबंध में सलमान मुजद्ददी ने उन्हें रामपुर के मौजूदा हालात और स्थानीय जनसमस्याओं से विस्तार से अवगत कराया।
श्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में जनता के मूल मुद्दों को लेकर पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी तथा आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।
सलमान मुजद्ददी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर उस मजलूम और पीड़ित की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक उठाने का काम कर रही है, जिस पर अन्याय और अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता यह महसूस कर रही है कि श्री राहुल गांधी ऐसे नेता हैं जो हर वर्ग की समस्याओं को मजबूती से उठाते हैं और उनके साथ खड़े रहते हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को मजबूत जनादेश देगी।
