अमेठीः परीक्षा के बाद फिर लगा जाम, फंसे राहगीर
July 02, 2026
अमेठी। नगर क्षेत्र में गुरुवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद एक बार फिर भीषण जाम की स्थिति बन गई। परीक्षा केंद्रों से एक साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और वाहनों के निकलने से सड़क पर लंबा जाम लग गया। करीब 45 डिग्री तापमान में लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जाम के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी नहीं दिखी। राहगीरों और विद्यार्थियों को तेज धूप में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। दोपहिया, चारपहिया वाहन और पैदल चलने वाले लोग सभी जाम की चपेट में रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि परीक्षा के दिनों में इस मार्ग पर हर बार ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी यातायात प्रबंधन नहीं किया जाता। लोगों ने प्रशासन से परीक्षा अवधि के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों और आम नागरिकों को जाम से राहत मिल सके।
