फॉर्म-16, बोनस, महंगाई भत्ता और एनपीएस से जुड़े मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग, संयुक्त शिक्षा निदेशक का किया स्वागत
पीलीभीत। शिक्षकों और प्रधानाचार्यों से जुड़ी लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रधानाचार्य परिषद का प्रतिनिधिमंडल जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पहुंचा। परिषद के पदाधिकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर डीआईओएस को ज्ञापन सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
परिषद के जिला अध्यक्ष अखलाक हसन खान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षकों को समय पर फॉर्म-16 उपलब्ध न होने से आयकर रिटर्न दाखिल करने में अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए प्रत्येक वर्ष निर्धारित अवधि में फॉर्म-16 उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा शिक्षकों के लंबित बोनस और महंगाई भत्ते का शीघ्र भुगतान कराने तथा राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) से जुड़े खातों को अद्यतन कराने की भी मांग उठाई गई।
पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित इन समस्याओं के कारण शिक्षकों को आर्थिक और प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष अखलाक हसन खान के साथ नरेंद्र सिंह, रोहतास गंगवार, राजेश गौतम, कमल मोहन पांडे, योगेश कुमार समेत बड़ी संख्या में प्रधानाचार्य और शिक्षक मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य परिषद की ओर से बरेली मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक के पहली बार पीलीभीत आगमन पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया और जिले की शैक्षिक व्यवस्था, विद्यालयों के संचालन तथा शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
