भांवरकोल/गाजीपुर। ब्लॉक परिसर में एसआईएस सिक्योरिटी द्वारा सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर एवं ट्रेनिंग असिस्टेंट पदों पर भर्ती शिविर का आयोजन किया गया। गुरुवार को शुरू हुआ यह दो दिवसीय भर्ती अभियान शुक्रवार 24 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। पहले ही दिन रोजगार की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने पहुंचे।
भर्ती प्रक्रिया जौनपुर शाखा के असिस्टेंट रिक्रूटमेंट इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार की देखरेख में संपन्न कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि चयन पूरी तरह निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है।
भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। शारीरिक मानकों में न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर तथा वजन 56 से 90 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। पंजीकरण शुल्क 350 रुपये रखा गया है, जबकि चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के दौरान 10 हजार रुपये का प्रशिक्षण शुल्क देना होगा।
चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक मासिक वेतन के साथ भविष्य निधि (पीएफ), ईएसआई एवं चिकित्सा सुविधा, वार्षिक बोनस, दुर्घटना एवं जीवन बीमा, ओवरटाइम का भुगतान, समय पर वेतन तथा पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
भर्ती शिविर को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने में सहयोगी गार्ड रामजी, आशीष एवं राजवीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने पात्र युवाओं से निर्धारित समय के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ भर्ती शिविर में पहुंचकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
