सिंहपुर/अमेठी। जनपद अमेठी की तिलोई तहसील में सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। तहसील प्रशासन की टीम ने कई गांवों में पहुंचकर सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाया, जिससे अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान ग्राम रामपुर पांवरा में होलिका दहन के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर मकान और दुकान बनाकर रह रहे हनुमान पाल को नोटिस जारी किया गया। प्रशासन ने उन्हें एक सप्ताह के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाकर भूमि खाली करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्रशासन स्वयं कार्रवाई करेगा और कार्रवाई का पूरा खर्च संबंधित कब्जाधारी से वसूला जाएगा।
वहीं विकासखंड सिंहपुर की ग्राम पंचायत खेखरूआ में लखनऊ हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित बाउंड्रीवाल पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
इसके अलावा ग्राम सीतापुर मजरे दांदूपुर में गाटा संख्या 1540 (बंजर) एवं गाटा संख्या 1526 (नवीन परती) की सरकारी भूमि पर किए गए लगभग 10 बिस्वा अस्थायी अतिक्रमण को भी प्रशासन ने हटवा दिया।
इस अभियान का नेतृत्व तहसीलदार तिलोई अभिषेक यादव ने किया। उनके साथ राजस्व विभाग की टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि, चारागाह, तालाब, होलिका दहन स्थल एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग की जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
